देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने सनसनी फैला दी। यह पूरा घटनाक्रम उस समय शुरू हुआ जब कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूटपाट की और उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रेमनगर पुलिस हरकत में आई और प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पुलिस को घायल अवस्था में एक व्यक्ति मिला, जिसने अपना नाम देवराज बताया। देवराज ने पुलिस को बताया कि कुछ बदमाश काले रंग की गुजरात नंबर की कार में आए थे और तमंचे की नोक पर उससे लूटपाट की। बदमाशों ने उससे करीब दो लाख रुपये, एक मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज छीन लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और विश्रांति की ओर फरार हो गए।
घायल देवराज को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद पुलिस टीम तुरंत बदमाशों के पीछे रवाना हुई। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती एक संदिग्ध काले रंग की कार दिखाई दी, जिसका पुलिस ने पीछा किया। खुद को घिरता देख कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा जारी रखा, लेकिन बदमाश लगातार फायरिंग करते रहे।
इस दौरान हुई गोलीबारी में थाना प्रभारी नरेश राठौर को गोली लग गई। इसके बावजूद पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए।
घायल बदमाश, घायल पीड़ित देवराज और SHO नरेश राठौर को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर ले जाया गया, जहां से तीनों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बाद में घायल बदमाश को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरार बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही, पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है और सभी बॉर्डरों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश में जंगल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
