उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रापड़–गंगोड़ा–चमड़खान मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन की ओर से तहसीलदार बर्खा जलाल के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। कठिन परिस्थितियों के बीच SDRF टीम ने खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर तीनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक कार संख्या UK04 T 6683 सुबह करीब साढ़े चार बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई। वाहन में सवार तीनों लोग नौघरिया (सिनौड़ा) क्षेत्र में आयोजित जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि चमड़खान लौटते समय चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी और 32 वर्षीय कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों मृतक “जगरी” का कार्य करते थे और ग्राम चमोली पुसैला में जागर संपन्न कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
