Spread the love

उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाने वाली जेनी (चीनी) का मामला अब उत्तराखंड से निकलकर असम तक पहुंचता नजर आ रहा है। इस मामले में अब असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की एंट्री हुई है। जेनी ने असम के मुख्यमंत्री से मुलाकात की, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया है।

 

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर जेनी से मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “कल मैंने असम की निवासी जेनी से मुलाकात की। उत्तराखंड के एक हरक सिंह रावत ने उनके साथ जो किया, वह अत्यंत गलत और निंदनीय है। उनके साथ जो अत्याचार हुआ, वैसा किसी के साथ नहीं होना चाहिए। न्याय की इस लड़ाई में मैं पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा हूं।”

 

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद जेनी का मामला एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। जेनी लगातार हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने लिए न्याय की मांग कर रही हैं। उन्होंने इस मामले में दोबारा सीबीआई जांच कराने की मांग भी उठाई है। वहीं, उत्तराखंड सरकार की ओर से इस प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

 

इस पूरे घटनाक्रम ने उत्तराखंड की राजनीति में भी हलचल बढ़ा दी है। खासकर कांग्रेस और हरक सिंह रावत के लिए यह मामला लगातार असहज स्थिति पैदा करता दिखाई दे रहा है। अब असम के मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक रूप से जेनी का समर्थन किए जाने के बाद इस प्रकरण को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

 

सियासी गलियारों में यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर असम में भी कोई कानूनी पहल हो सकती है? हालांकि, फिलहाल असम में किसी नए मुकदमे या कानूनी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

वहीं, हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात के बाद जेनी को अपनी न्याय की लड़ाई में एक नया समर्थन मिला है। अब सबकी निगाहें एसआईटी की जांच और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं। यह देखना अहम होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जेनी को न्याय दिलाने की दिशा में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

 

फिलहाल इतना तय है कि जेनी प्रकरण अब केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी चर्चा तेज होती जा रही है।


Spread the love
Ad