उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के बमठी गांव में आखिरकार आदमखोर गुलदार का आतंक खत्म हो गया है। वन विभाग की टीम ने दो हफ्तों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद उस गुलदार को शूट कर ढेर कर दिया, जिसने एक महिला की जान ले ली थी।
घटना 23 अप्रैल की है, जब सीता देवी अपने घर के पास खेतों में काम कर रही थीं। तभी अचानक घात लगाए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई थी और ग्रामीण लगातार गुलदार को मारने की मांग कर रहे थे।
स्थिति को गंभीर देखते हुए वन विभाग ने इलाके में विशेष टीम तैनात की। शूटरों और वनकर्मियों की मदद से जंगल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त की गई और कई जगह पिंजरे भी लगाए गए। इसी दौरान 4 मई को एक गुलदार पिंजरे में कैद हुआ, लेकिन ग्रामीणों ने उसे असली हमलावर नहीं माना, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया।
लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार वन विभाग को सफलता मिली और गुरुवार देर रात आदमखोर गुलदार को चिन्हित कर शूट कर दिया गया। गुलदार के मारे जाने के बाद गांव में लंबे समय से फैला डर खत्म हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि घटना के बाद से ही टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय थी और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे भी इलाके में निगरानी जारी रहेगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी वन विभाग की कार्रवाई की सराहना की और कहा कि गुलदार के खत्म होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
