Spread the love

उत्तराखंड में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस और साइबर सेल की चेतावनियों के बावजूद लोग ऑनलाइन निवेश और सोशल मीडिया फ्रॉड का शिकार हो रहे हैं। ताजा मामला देहरादून के डोईवाला क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक ठेकेदार ने फेसबुक पर हुई दोस्ती के चलते करीब 1.20 करोड़ रुपये गंवा दिए।

पीड़ित ठेकेदार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जुलाई 2025 में उसे फेसबुक पर सरोज मिश्रा नाम की एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच मैसेंजर और फिर व्हाट्सएप पर नियमित चैटिंग होने लगी। युवती ने खुद को बेंगलुरु निवासी बताया और भरोसा जीतने के बाद एक निवेश प्लेटफॉर्म “रियो चेन” के बारे में जानकारी दी।

युवती ने दावा किया कि उसने इस प्लेटफॉर्म के जरिए लाखों रुपये का फायदा कमाया है। भरोसा दिलाने के लिए उसने देवराज प्रताप नामक व्यक्ति का संपर्क नंबर भी साझा किया। देवराज ने पीड़ित को प्लेटफॉर्म का लिंक भेजकर रजिस्ट्रेशन कराया और निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

ठेकेदार ने शुरुआत में 10 हजार रुपये निवेश किए। कुछ ही समय में उसे करीब एक हजार रुपये का लाभ दिखाया गया, जिससे उसका भरोसा और बढ़ गया। इसके बाद उसने जुलाई 2025 से फरवरी 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये प्लेटफॉर्म पर जमा कर दिए।

जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने नई-नई शर्तें रखनी शुरू कर दीं। पहले कहा गया कि मामला आरबीआई के पास है, फिर जीएसटी के नाम पर 18 प्रतिशत अतिरिक्त रकम जमा करने का दबाव बनाया गया। शक होने पर जब पीड़ित ने और पैसा देने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया।

मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी जांच की जा रही है और आरोपियों का पता लगाने का प्रयास जारी है।


Spread the love
Ad