उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में अब स्वास्थ्य सुविधाओं को एक नया और आधुनिक आयाम मिल गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्मित 40 बेड क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। यह अस्पताल स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा और उच्च हिमालयी क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा केंद्र साबित होगा।
लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केदारनाथ जैसे कठिन भौगोलिक क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल की स्थापना राज्य सरकार की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि आपात स्थिति में जीवन रक्षक साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में स्वास्थ्य सुविधाओं का मजबूत होना बेहद जरूरी है। नए अस्पताल में आपातकालीन उपचार, ऑक्सीजन सुविधा, जांच सेवाएं, प्राथमिक उपचार और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगातार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत कर रही है। यात्रा मार्गों पर चिकित्सकों की तैनाती, स्वास्थ्य केंद्रों और आपातकालीन सेवाओं का विस्तार किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक लाखों आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। साथ ही हर जिले में मेडिकल कॉलेज विकसित करने की दिशा में भी तेजी से काम चल रहा है। कार्यक्रम के दौरान विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने कहा कि यह नया अस्पताल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का मजबूत आधार बनेगा और श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत प्रदान करेगा।
