Spread the love

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को राज्य के पर्वतीय जनपदों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रोहित थपलियाल ने जानकारी दी कि अगले कुछ घंटों में पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अस्थिर रहेगा। वहीं, इसके बाद लगभग तीन दिन तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 11 मई से एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

बारिश और ओलावृष्टि के असर से प्रदेश के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में लगभग 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव फिलहाल अस्थायी है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण रास्तों पर फिसलन और ठंड बढ़ सकती है।


Spread the love
Ad