प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक बार फिर उत्तराखंड दौरे की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि अभी तक उनका आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरान कई अहम परियोजनाओं के शुभारंभ की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री इस महीने के अंत या जून के पहले सप्ताह में टिहरी आ सकते हैं। यहां टिहरी बांध की 1000 मेगावाट क्षमता वाली पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) परियोजना के उद्घाटन की योजना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और टीएचडीसी ने व्यवस्थाओं को तेज कर दिया है। टिहरी झील के किनारे कोटीकॉलोनी में पीएम की जनसभा आयोजित करने की भी तैयारी चल रही है।
फिलहाल टिहरी बांध से 1000 मेगावाट और कोटेश्वर बांध से 400 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। नई पीएसपी परियोजना के 1000 मेगावाट जुड़ने के बाद कुल उत्पादन क्षमता 2400 मेगावाट तक पहुंच जाएगी। लगभग 8 हजार करोड़ रुपये की यह परियोजना देश की पहली वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज परियोजना मानी जा रही है, जो बिजली की मांग के अनुसार उत्पादन को नियंत्रित करने में सक्षम होगी।
यह परियोजना पहले 14 अप्रैल को लोकार्पित होने वाली थी, लेकिन बाद में कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने स्वयं टिहरी आने की इच्छा जताई थी। वहीं, विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर पीएम को टिहरी आने का निमंत्रण दिया है। माना जा रहा है कि इस दौरे से कई स्थानीय विकास परियोजनाओं को नई गति मिल सकती है।
