उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नानकमत्ता क्षेत्र में हुई भीषण टक्कर में चंपावत निवासी एक शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, चंपावत जिले के माडली गांव निवासी 41 वर्षीय संजय पांडे जीआईसी बालातड़ी में शिक्षक के पद पर तैनात थे। मंगलवार को वह अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ नई कार खरीदने के लिए हल्द्वानी गए थे। देर रात दोनों नई कार से वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान नानकमत्ता के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी चंद्रप्रकाश जोशी किसी तरह बच गए।
बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर में सवार लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में फॉर्च्यूनर सवार एक अन्य व्यक्ति की भी मौत होने की सूचना है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा गया है।
संजय पांडे अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चों, माता-पिता और दादी को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वह एक अच्छे शिक्षक होने के साथ-साथ भजन गायक के रूप में भी क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
