उत्तराखंड के रुड़की के भंगेड़ी स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में एक मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का शव केंद्र के शौचालय से बरामद किया गया, जिसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान लक्सर क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी 37 वर्षीय आशीष के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि आशीष को करीब तीन महीने पहले नशे की लत छुड़ाने के लिए केंद्र में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात केंद्र संचालक ने शौचालय में उसका शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। परिवार के लोगों का कहना है कि केंद्र में भर्ती किसी अन्य मरीज ने वारदात को अंजाम दिया हो सकता है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस नशा मुक्ति केंद्र के संचालक और वहां मौजूद अन्य मरीजों से पूछताछ कर रही है।
