उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के ज्वालापुर में गंगनहर से एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के कस्सबान मोहल्ले स्थित सीवरेज पंपिंग स्टेशन के पीछे का है, जहां शुक्रवार देर रात स्थानीय लोगों ने गंगनहर में झाड़ियों के बीच एक शव फंसा हुआ देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जल पुलिस की सहायता से शव को गंगनहर से बाहर निकाला गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार मृतक महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष है और वह विवाहित प्रतीत हो रही है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि महिला का शव गंगनहर में झाड़ियों में फंसा मिला था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है।
पुलिस फिलहाल महिला की पहचान कराने और मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
