हल्द्वानी में वीकेंड के दौरान पहाड़ी मार्गों पर वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने विशेष डायवर्जन और यातायात व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था नैनीताल जिले के कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम से बचाव के लिए की गई है।
योजना के तहत प्रत्येक शनिवार और रविवार को अल्मोड़ा व रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा।
इसी तरह हल्द्वानी से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले वाहनों को उनके निर्धारित मार्ग से अनुमति दी जाएगी, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात स्थिति के अनुसार मस्जिद तिराहा भवाली पर रोका जा सकता है या उन्हें रामगढ़ व खुटानी मोटर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
पर्यटकों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। भीमताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग में रोका जाएगा, जहां से यात्रियों को शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम भेजा जाएगा। वहीं गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कर शटल सेवा से आगे यात्रा कराई जाएगी।
इसके अलावा वीकेंड पर टैक्सी दोपहिया वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें भी सैनेटोरियम पार्किंग में रोककर शटल सेवा के जरिए आगे भेजा जाएगा।
पुलिस ने पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित डायवर्जन और यातायात व्यवस्था का पालन करें और अपनी यात्रा पहले से योजना बनाकर करें।
