उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी क्रम में आवास विकास चौकी पुलिस ने नैनीताल हाईवे स्थित विधायक कार्यालय के पास हंगामा और मारपीट कर रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 24 मई को आवास विकास चौकी पुलिस क्षेत्र में गश्त और शांति व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि विधायक कार्यालय के पास कुछ लोग आपस में विवाद और हंगामा कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां चार लोग आपस में मारपीट और पत्थरबाजी करते मिले। घटना के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों में डर फैल गया। पुलिस ने सभी को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार हंगामा करते रहे।
स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार, कृपाल सिंह, रामपाल और अर्पित पांडे के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ चालानी कार्रवाई कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। पुलिस ने साफ किया कि जिले में शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, कांस्टेबल चंदन सिंह और कांस्टेबल सीपी दिनेश धपोला की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
