Spread the love

छत्तीसगढ़ के तीन वरिष्ठ खनन अधिकारी पहुंचे देहरादून, एमडीटीएसएस योजना और ई-चेक गेट की कार्यप्रणाली का लिया जायजा

 

देहरादून, उत्तराखंड की खनन नीति और खनन गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए विकसित की गई ई-चेक गेट प्रणाली अब दूसरे राज्यों के लिए भी एक आदर्श मॉडल बनकर उभर रही है। खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और प्रभावी निगरानी के लिए उत्तराखंड सरकार की ओर से लागू की गई व्यवस्थाओं का अध्ययन करने के लिए छत्तीसगढ़ खनन विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारी देहरादून पहुंचे। अधिकारियों ने भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय में पहुंचकर उत्तराखंड की खनन नीति, नियमावली और एमडीटीएसएस योजना के अंतर्गत स्थापित ई-चेक गेट प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

 

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के खनन विभाग की ओर से जारी पत्र संख्या 3418/ESTB/30733/2026-DGM SECTION, दिनांक 19 नवंबर 2026 के क्रम में छत्तीसगढ़ के तीन अधिकारियों का दल 23 नवंबर को उत्तराखंड पहुंचा। इस दल में संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार मिश्रा, संयुक्त निदेशक भूपेन्द्र कुमार और खान निरीक्षक राजू यादव शामिल रहे।

 

देहरादून स्थित भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय में अधिकारियों ने निदेशक राजपाल लेघा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की खनन नीति और एमडीटीएसएस (माइनिंग डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन एंड सर्विलांस सिस्टम) योजना के अंतर्गत स्थापित ई-चेक गेटों की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ के अधिकारियों ने जाना कि किस प्रकार तकनीक के माध्यम से खनन गतिविधियों की निगरानी, खनिज परिवहन पर नियंत्रण और व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।

 

बैठक के बाद छत्तीसगढ़ के अधिकारियों ने राज्य में स्थापित ई-चेक गेटों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्हें ई-चेक गेट की संचालन प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्थाओं और निगरानी प्रणाली की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उत्तराखंड में लागू इस व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझते हुए इसे अपने राज्य में खनन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

 

गौरतलब है कि उत्तराखंड की खनन नीति और तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था में दूसरे राज्यों की भी लगातार रुचि बढ़ रही है। इससे पहले उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित अन्य राज्यों के खनन विभागों के अधिकारी भी उत्तराखंड पहुंचकर यहां की खनन नीति और व्यवस्थाओं का अध्ययन कर चुके हैं।

 

यह उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है कि राज्य में खनन क्षेत्र को पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास अब दूसरे राज्यों के लिए भी अध्ययन का विषय बन रहे हैं। इससे न केवल उत्तराखंड की कार्यप्रणाली को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है, बल्कि अन्य राज्यों के साथ तकनीकी अनुभव और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को साझा करने का अवसर भी मिल रहा है।

 

इस अवसर पर खान अधिकारी ताजबर नेगी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गुणानन्द खण्डूड़ी तथा आईटीआई कंपनी के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Spread the love
Ad