नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सराहना की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की विशेष पहचान से प्रधानमंत्री को रूबरू कराया।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड की लोककला और परंपराओं से जुड़े कई विशेष उपहार सादर भेंट किए। इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का प्रसिद्ध राजमा और लाल चावल शामिल रहे। इन उपहारों के माध्यम से मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की पारंपरिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की विशिष्टता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को हरिद्वार में आयोजित होने वाले आगामी कुंभ-2027 की भव्यता और धार्मिक महत्ता को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की। यह भेंट उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान और कुंभ की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक रही।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शक्तिशाली, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर भारत का शिल्पकार बताते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सुरक्षा, युवाशक्ति के सशक्तिकरण, मातृशक्ति के सम्मान और वरिष्ठजनों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी सोच ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उनके मार्गदर्शन से उत्तराखंड भी विकास, पर्यटन, धार्मिक आस्था, आधारभूत ढांचे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से भी मुख्यमंत्री की यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खासकर कुंभ-2027 की तैयारियों, उत्तराखंड के विकास और राज्य की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के संदर्भ में प्रधानमंत्री के साथ यह मुलाकात अहम रही। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से मुलाकात को अपने लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनका बहुमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त करने पर आभार व्यक्त किया।
