महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण, बेटियों की शिक्षा से लेकर स्वरोजगार और खेलों तक सरकार का फोकस नंदा गौरा योजना में 3.77 लाख से अधिक बालिकाओं को मिला लाभ, महिला सशक्तिकरण के लिए जेंडर बजट में करीब 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान**
देहरादून। उत्तराखण्ड में महिला सशक्तिकरण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार विभिन्न योजनाओं और नीतिगत फैसलों के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। महिलाओं को समान अधिकार, बेहतर शिक्षा, रोजगार, आर्थिक स्वावलंबन और राजनीतिक भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार का दावा है कि इन प्रयासों का उद्देश्य महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ ही उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
महिलाओं के अधिकारों को कानूनी मजबूती देने की दिशा में उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना। सरकार के अनुसार, इसके माध्यम से विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और पारिवारिक अधिकारों से जुड़े मामलों में महिलाओं को समान कानूनी संरक्षण देने का प्रयास किया गया है।
वहीं, सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था लागू की गई है। इसके अलावा सहकारी प्रबंध समितियों में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है, ताकि निर्णय लेने वाली संस्थाओं में उनकी भागीदारी बढ़ सके।
**2.65 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी**
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश में अब तक 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर दिए जा रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत महिला समूहों के उत्पादों को ब्रांड के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। ड्रोन सखी पहल के माध्यम से महिलाओं को आधुनिक तकनीक और ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
एकल महिलाओं को भी स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत पात्र महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए डेढ़ लाख रुपये तक अनुदान देने की व्यवस्था है।
**नंदा गौरा योजना से 3.77 लाख से अधिक बेटियों को लाभ**
बेटियों की शिक्षा और बेहतर भविष्य को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित नंदा गौरा योजना भी सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल है। इस योजना के तहत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 3,77,784 बालिकाओं को योजना के अंतर्गत 1,168.49 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही 33,251 बालिकाओं के बैंक खातों में 145.93 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए गए।
**महिला स्वास्थ्य और पोषण पर भी जोर**
महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में उत्तराखण्ड की मातृ मृत्यु दर घटकर 91 दर्ज की गई है।
**लोहाघाट में बनेगा राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज**
खेलों में बेटियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए चम्पावत जिले के लोहाघाट में 256 करोड़ रुपये की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
इसके साथ ही बालिकाओं की शिक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मसूरी में राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के भवन अनुरक्षण कार्य के लिए 67.42 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।
**जेंडर बजट में 16 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी**
महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार ने बजट में भी बढ़ोतरी की है। जेंडर बजट में पिछले वर्ष की तुलना में 16 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि करते हुए करीब 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, रोजगार और आर्थिक स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
**राजनीति में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर**
महिलाओं को राजनीतिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अधिक प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड विधानसभा के विशेष सत्र में महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने के प्रयासों का समर्थन किया।
मुख्यमंत्री का कहना है कि महिला सशक्तिकरण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की प्रत्येक बेटी को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें और महिलाएं शिक्षा, रोजगार, खेल, उद्यमिता तथा निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में अपनी मजबूत भागीदारी निभा सकें।
कुल मिलाकर, धामी सरकार महिला सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को विकास के प्रमुख एजेंडे में शामिल करते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में अपनी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।
