मिर्जापुर। देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा की सुबह मिर्जापुर के चुनार रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें छह महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी महिलाएं सोनभद्र से कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए चुनार आई थीं और गोमो-चोपन पैसेंजर ट्रेन से स्टेशन पर उतरी थीं।
जानकारी के अनुसार, महिलाएं प्लेटफार्म क्रॉस करने के दौरान फुटओवर ब्रिज का उपयोग न कर सीधे रेल पटरी पार कर रही थीं। इसी दौरान हावड़ा से कालका जा रही कालका एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से सभी की मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि शव क्षत-विक्षत हो गए। रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य किया और शवों को ट्रैक से हटाकर शिनाख्त की।
हादसे में मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई: सविता (28), साधना (16), शिव कुमारी (12), अप्पू देवी (20), सुशीला देवी (60) और कलावती देवी (50)। सभी कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए चुनार घाट जा रही थीं।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और एसपी रेलवे प्रशांत वर्मा ने बताया कि हादसा पैसेंजर ट्रेन से उतरते समय हुआ, जब महिलाएं प्लेटफार्म क्रॉस कर रही थीं और कालका एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।
