देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा, तकनीक और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए और अपने सुझाव भी साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान हरिद्वार की कक्षा 11वीं की छात्रा लवप्रीत कौर ने ऑनलाइन पढ़ाई को लेकर मुख्यमंत्री के सामने महत्वपूर्ण सवाल रखा। छात्रा ने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन शिक्षा का चलन लगातार बढ़ रहा है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बच्चों को मोबाइल, लैपटॉप या अन्य डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराना मुश्किल होता है।
लवप्रीत कौर ने मुख्यमंत्री से पूछा कि ऐसे विद्यार्थियों के लिए सरकार की ओर से क्या व्यवस्था की जाएगी, ताकि आर्थिक स्थिति उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।
छात्रा के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम के दौरान ही बड़ी घोषणा कर दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब उपलब्ध कराने के लिए उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन, डिजिटल सामग्री और नई तकनीकों का लाभ लेने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ इस तरह का सीधा संवाद सरकार के लिए महत्वपूर्ण है। इससे छात्रों की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को सीधे समझने का अवसर मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों।
‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षा के साथ-साथ राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री ने छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें भविष्य के लिए तैयार रहने और आधुनिक तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
