Spread the love

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पिछले 30 घंटे से अधिक समय से बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शनकारी परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़े हुए हैं, जबकि उनके कई साथी नीचे धरने पर बैठे हैं।

इस आंदोलन को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला का भी समर्थन मिला है, जो टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन में शामिल हैं और नीचे उतरने को तैयार नहीं हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धूप और बारिश की परवाह किए बिना वे अपनी मांगों पर डटे हुए हैं। 12 मई को अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के मौके पर भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी। उनका कहना है कि शुभकामनाएं मिल रही हैं, लेकिन रोजगार और नियुक्ति को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।

नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने आरोप लगाया कि प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा और यहां तक कि आंदोलनकारियों तक खाना-पानी पहुंचाने में भी बाधा डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ वार्ता प्रस्तावित है, लेकिन अगर कोई समाधान नहीं निकला तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

धरने पर बैठी मधु उनियाल ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि वे 159 दिनों से वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस उनके लिए उत्सव नहीं बल्कि “ब्लैक डे” जैसा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


Spread the love
Ad