उत्तराखंड के ऋषिकेश में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब ऋषिकेश-देहरादून मार्ग पर काली मंदिर के पास दो बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और बीच में आ रही एक कार भी इसकी चपेट में आ गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। लोगों की सहायता से बसों और कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में कुल पांच लोग घायल हुए, जिनमें कार सवार तीन लोग और बसों में सवार दो यात्री शामिल हैं।
घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। कार सवारों को जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य दो घायलों को ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा ओवरटेक करने के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि देहरादून की ओर से आ रही बस ने ओवरटेक करने की कोशिश की, इसी दौरान सामने से आ रही चारधाम यात्रा पर जा रही श्रद्धालुओं की बस से उसकी टक्कर हो गई। इसी दौरान एक कार भी बीच में आ गई और हादसे का शिकार हो गई।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि हादसे में शामिल बसों में एक बस विश्वनाथ सेवा की थी, जबकि दूसरी बस चारधाम यात्रा पर जा रहे मध्य प्रदेश के मुरैना के श्रद्धालुओं को लेकर जा रही थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों की पहचान की जा रही है।
