Spread the love

रामनगर/नैनीताल। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच उस समय जबरदस्त मुठभेड़ हो गई, जब पुलिस टीम दबिश देने पहुंची। जंगल में छिपे बदमाश ने घेराबंदी होते ही पुलिस टीम और वाहनों पर कई राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश चंदन सागर के पैर में गोली लगी।

 

पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा करने वाले और लंबे समय से वांटेड चल रहे चंदन सागर की तलाश में पुलिस टीम ने दबिश दी थी। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही वह जंगल की ओर भाग गया और वहां छिप गया। पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी शुरू की तो बदमाश ने अचानक पुलिस टीम और वाहनों को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चला दीं। फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एक पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

 

घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे जंगल की घेराबंदी कर बदमाश की तलाश शुरू की गई। पुलिस के मुताबिक, बदमाश की ओर से लगातार फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चंदन सागर के पैर में गोली लग गई और उसे पुलिस ने दबोच लिया।

 

घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार चंदन सागर के खिलाफ करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

 

मुठभेड़ के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जंगल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाते हुए तलाशी अभियान भी चलाया। पुलिस अब बदमाश के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

 

नैनीताल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और आम लोगों में भय पैदा करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। SSP नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


Spread the love
Ad