Spread the love

उधमसिंहनगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में फेक आईडी बनाकर पुरानी फोटो वायरल करने के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। विवाद सुलझाने आरोपी के घर पहुंचे ससुर पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी, जबकि सास और ससुर के मित्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी और उनके तीन पुत्रों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

हरीनगर कॉलोनी सिद्धा नानकमत्ता निवासी सोनी पत्नी शंकर विश्वास ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाले विशाल विश्वास, आशीष विश्वास और विकास विश्वास पुत्रगण विद्युत विश्वास ने उनकी पुरानी फोटो को एडिट कर फेक आईडी के जरिए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। गुरुवार रात करीब नौ बजे इसकी जानकारी उन्होंने अपने ससुर नितिन अरोड़ा उर्फ निक्कू (46 वर्ष) और देवर दलजीत सिंह को दी।

इसके बाद ससुर नितिन अरोड़ा, उनकी पत्नी अनीता विश्वास, देवर दलजीत सिंह, बहू सोनी और उनके मित्र मनजीत सिंह (निवासी इटौआ) आरोपी पक्ष से बात करने के लिए उनके घर पहुंचे। इसी दौरान आरोपियों ने एक राय होकर सभी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने वसूली (ईंट तोड़ने वाला औजार) से नितिन अरोड़ा के सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।

घायल नितिन अरोड़ा को परिजनों ने पहले सीएचसी नानकमत्ता, फिर सितारगंज और बाद में रुद्रपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सास अनीता विश्वास और मित्र मनजीत सिंह भी इस हमले में घायल हुए हैं।

सीओ खटीमा विमल रावत ने बताया कि सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने के विवाद में हत्या के मामले में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।


Spread the love
Ad