Spread the love

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक स्कूल परिसर के भीतर कथित देह व्यापार के मामले का उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने मामले को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी को इसकी गहन जांच के निर्देश दिए हैं।

कुसुम कंडवाल ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की गतिविधियां किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डीएम से इस पूरे रैकेट के सरगनाओं की पहचान कर उन्हें बेनकाब करने के लिए भी कहा है।

महिला आयोग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि शिक्षण संस्थानों के आसपास चल रहे शराब और नशे से जुड़े संदिग्ध ठिकानों की भी जांच की जाए, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

आयोग ने प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि भविष्य में शैक्षणिक संस्थानों के आसपास ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और इसके लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।

साथ ही कुसुम कंडवाल ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें और उन्हें सही मार्गदर्शन दें। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपराध और गलत संगत से दूर रखने में माता-पिता की भूमिका बेहद अहम है।


Spread the love
Ad