Spread the love

उत्तराखंड होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि अब होमगार्ड जवानों को वर्ष में 12 आकस्मिक अवकाश दिए जाएंगे, जबकि महिला होमगार्ड को मातृत्व अवकाश का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि 9,000 फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तैनात होमगार्डों को पुलिस एवं एसडीआरएफ की तर्ज पर 200 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके साथ ही एसडीआरएफ ट्रेनिंग प्राप्त होमगार्डों के लिए 100 रुपये अतिरिक्त भत्ते की व्यवस्था की गई है। लंबे समय से बंद वर्दी भत्ता फिर से शुरू करने की घोषणा भी की गई। भोजन भत्ते में 50% की वृद्धि होगी, जबकि प्रशिक्षण भत्ता 50 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये कर दिया गया है।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री धामी कनक चौक स्थित पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत की चतुर्थ पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने जनरल रावत के अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव बताया।

उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन रावत का जीवन देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की अमिट मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, सैनिकों और नागरिकों के साथ मुख्यमंत्री ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शहीदों के सम्मान में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।


Spread the love
Ad