देहरादून। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई अचानक भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस प्राकृतिक आपदा को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और प्रभावित लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते महज दो पड़ोसी देशों के संबंध नहीं हैं, बल्कि दोनों देश साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था, सामाजिक सरोकारों और आपसी आत्मीयता से गहराई से जुड़े हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने भारत-नेपाल के सदियों पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच विशेष रूप से रोटी-बेटी के रिश्ते रहे हैं। दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच पारिवारिक संबंधों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्ते भी लंबे समय से मजबूत रहे हैं। यही कारण है कि नेपाल में आने वाली किसी भी आपदा का असर उत्तराखंड के लोगों की भावनाओं पर भी पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ विशेष और आत्मीय संबंध है। पिथौरागढ़ और चंपावत सहित सीमावर्ती जिलों के लोगों के नेपाल के नागरिकों के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्ते रहे हैं। ऐसे में नेपाल में आई इस आपदा का दुःख उत्तराखंड के लोगों के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा है और इस कठिन समय में उत्तराखंड की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ खड़ी है। उन्होंने आपदा के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार नेपाल में उत्पन्न स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां भारत और नेपाल दोनों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील बनाती हैं। ऐसे में आपदा के दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग और मानवीय संवेदनशीलता का महत्व और बढ़ जाता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नेपाल सरकार और स्थानीय प्रशासन के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा और प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की समस्त जनता की ओर से नेपाल के शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने प्रभावित लोगों के शीघ्र सुरक्षित होने, घायलों के जल्द स्वस्थ होने और नेपाल में जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने की कामना की।
