देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने शासकीय आवास मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा फहराकर प्रदेशवासियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की जनता से अपील की कि वे राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ अपने घरों, प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराकर इस जनभागीदारी अभियान को सफल बनाएं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना को अभिव्यक्त करने वाला अभियान है। तिरंगा भारत की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करे और इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए निर्धारित नियमों का पालन करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज जन-जन की भागीदारी वाला अभियान बन चुका है। इसका उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं, आकांक्षाओं और गौरव का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान देश की सेवा और राष्ट्र रक्षा के लिए समर्पित वीरभूमि के रूप में रही है। प्रदेश के अनेक वीर सपूतों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। ऐसे में उत्तराखंड के प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है कि वह ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति की इस गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं और राष्ट्रध्वज संहिता का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि परिवार के बच्चों और युवाओं को भी तिरंगे के महत्व, उसके सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए। इससे नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय कर्तव्य की भावना और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जब देश का प्रत्येक नागरिक तिरंगे के साथ जुड़ता है, तो राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना और अधिक सशक्त होती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे मिलकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें। तिरंगे के सम्मान के साथ देश की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने में हर नागरिक अपनी भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि सामूहिक भागीदारी से ही ऐसे अभियान व्यापक जनआंदोलन का रूप लेते हैं। इसलिए हर परिवार, युवा, महिला और समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें सहभागी बनना चाहिए। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के लोग राष्ट्रभक्ति की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
