देहरादून में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ एक अहम और लंबी बैठक हुई। निजी होटल में सुबह से शुरू हुई इस बैठक में संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान नितिन नवीन ने साफ निर्देश दिए कि भाजपा को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ तैयारी में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है, जिसे और अधिक मजबूत करना जीत की कुंजी साबित होगा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक के बाद मीडिया को बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी सांसदों और विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में 100-100 बुद्धिजीवी लोगों की सूची तैयार करने को कहा है। इन बुद्धिजीवियों के माध्यम से सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने की योजना बनाई जाएगी।
बैठक में उन सीटों पर विशेष फोकस करने के निर्देश भी दिए गए, जहां पिछले चुनावों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। इन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और लगातार सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा, बूथ प्रबंधन को और प्रभावी बनाने, नियमित बैठकों के आयोजन और लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। नितिन नवीन ने जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों में अधिक समय बिताने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और संगठन के प्रति विश्वास और मजबूत हो।
