रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। ऊधम सिंह नगर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के सख्त रुख के बीच कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी ऊधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों की धरपकड़ और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली रुद्रपुर पुलिस सिक्योरिटी गार्ड हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
दरअसल, विगत दिवस रुद्रपुर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी की तलाश में जुटी टीम को उसकी लोकेशन रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद घायल आरोपी को तत्काल जिला चिकित्सालय रुद्रपुर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध करने वाले और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
