Spread the love

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के अंतिम दिन शनिवार को कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। दिन की शुरुआत उन्होंने देहरादून स्थित प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना से की। सुबह 8:30 बजे मंदिर पहुंचे नितिन नवीन ने भगवान शिव का विधिवत पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मंदिर दर्शन के बाद उन्होंने गढ़ी कैंट क्षेत्र में बूथ समिति की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के दौरान पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनसंपर्क मजबूत करने का संदेश दिया।

इसके उपरांत नितिन नवीन ने एक बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पर जलपान किया। इसके बाद सुबह 11 बजे शिगनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्धजन गोष्ठी में भाग लिया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोगों के साथ संवाद कर उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों तथा उपलब्धियों पर चर्चा की।

दौरे का प्रमुख आकर्षण दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम रहा। इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश के युवाओं से सीधा संवाद किया और उनके विचारों, आकांक्षाओं तथा भविष्य की योजनाओं को जाना। पार्टी के मिशन 2027 के दृष्टिकोण से इस कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद उत्तराखंड का यह उनका पहला दौरा है। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। दौरे के दौरान उन्होंने संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण को लेकर व्यापक रणनीति पर भी चर्चा की। पार्टी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्धजन सम्मेलनों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की योजना पर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी जनकल्याण एवं विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को नितिन नवीन ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचे थे, जहां उन्होंने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं का अनुभव किया। इस दौरान उन्होंने गंगा आरती में भी सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे। परमार्थ निकेतन में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया।


Spread the love
Ad