Spread the love

2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने तेज की सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की तैयारी, महिला सशक्तिकरण से लेकर रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी तक गिनाईं उपलब्धियां

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को जनता के सामने रखने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस दौरान सरकार की ओर से महिला सशक्तिकरण, रोजगार, युवा, किसान, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, धार्मिक स्थलों के विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया गया।

सरकार ने रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और विकास परियोजनाओं के आंकड़े साझा करते हुए अपने कार्यकाल को विकास, जनकल्याण और सुशासन के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।

महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर

रिपोर्ट कार्ड में महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया गया है। सरकार के मुताबिक प्रदेश में 3.5 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि 5.19 लाख महिलाएं 70,767 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। इसके अलावा नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना और महिलाओं की आर्थिक सहायता से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया गया।

रोजगार और युवाओं के लिए बड़े दावे

रोजगार के मोर्चे पर सरकार ने 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा किया। वहीं, 1.1 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने और 20 हजार से अधिक लघु उद्योगों को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई। प्रदेश में 1,750 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत होने का भी उल्लेख किया गया। नकल विरोधी कानून को भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। खेल के क्षेत्र में 2025 के राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतने को भी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया गया।

किसानों और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी आंकड़े पेश

किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 8.06 लाख से अधिक किसानों को तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दिए जाने का उल्लेख किया गया। करीब 4.5 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ने और पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा का भी दावा किया गया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में अटल आयुष्मान योजना के तहत 63 लाख से अधिक लोगों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार का लाभ मिलने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा, प्रदेश की पहली हेली एंबुलेंस सेवा और 84 हजार से अधिक महिलाओं के एचपीवी टीकाकरण का भी उल्लेख किया गया।

शिक्षा और पर्यटन में विकास का दावा

शिक्षा के क्षेत्र में जुलाई 2026 में उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किए जाने, 500 सरकारी स्कूलों को डिजिटल स्टूडियो से जोड़ने और 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना को उपलब्धियों में शामिल किया गया। सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी।

पर्यटन के क्षेत्र में वर्ष 2025 के दौरान छह करोड़ से अधिक पर्यटकों के उत्तराखंड पहुंचने का दावा किया गया। केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण के लिए 400 करोड़ रुपये से अधिक, बदरीनाथ धाम विकास के लिए 440 करोड़ रुपये और जागेश्वर धाम के विकास के लिए 146 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि का उल्लेख किया गया।

कनेक्टिविटी और सांस्कृतिक पहचान पर भी फोकस

सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को प्रमुख उपलब्धियों के रूप में गिनाया गया। रिपोर्ट कार्ड में 105 किलोमीटर रेल लाइन और 12 रेलवे स्टेशनों के निर्माण का भी उल्लेख है।

वहीं, समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई को राज्य की सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप के संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख से अधिक घरों के निर्माण, जल जीवन मिशन के तहत 12 लाख से अधिक नल कनेक्शन और दो लाख से अधिक परिवारों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का दावा किया गया।

2027 चुनाव से पहले जनता के बीच पहुंचेगा रिपोर्ट कार्ड

राजनीतिक दृष्टि से धामी सरकार का यह रिपोर्ट कार्ड आगामी विधानसभा चुनाव से पहले काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा अब सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और लाभार्थियों के आंकड़ों के जरिए जनता के बीच अपनी उपलब्धियां रखने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री धामी ने इन आंकड़ों के माध्यम से सरकार के कामकाज को सामने रखा है। अब देखना होगा कि भाजपा इस रिपोर्ट कार्ड को प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और जनता तक पहुंचाने के लिए किस तरह अभियान चलाती है और आगामी चुनाव में इसका कितना राजनीतिक लाभ मिलता है।


Spread the love
Ad