Spread the love

हल्द्वानी में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को धमकी देकर मौके से कार समेत फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से उसे दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक 10 मई की रात तिकोनिया क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ‘कबाड़ी कबाब’ के पास काली फिल्म लगी एक संदिग्ध कार को रोककर जांच की गई। चालान की प्रक्रिया शुरू होते ही चालक भड़क गया और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने पुलिस टीम को जान से मारने और “वर्दी उतरवा देने” की धमकी भी दी।

स्थिति बिगड़ती देख आरोपी पुलिस के निर्देशों की अनदेखी कर कार लेकर फरार हो गया। मामले में उपनिरीक्षक आरती की शिकायत पर कोतवाली हल्द्वानी में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लवजीत सिंह निवासी लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल कार संख्या UK 18B 1989 को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने या ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से यातायात नियमों और कानून का पालन करने की अपील भी की गई है।


Spread the love
Ad