Spread the love

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के पंतनगर के नगला क्षेत्र में मंगलवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 27 वर्षीय काजल पत्नी पवन कुमार के रूप में हुई है। काजल मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ नगला में किराये के मकान में रह रही थी। उसके पति पवन कुमार पंतनगर विश्वविद्यालय के सामान्य खंड में संविदा पर जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर कार्यरत हैं।

बताया गया कि मंगलवार शाम परिवार के कुछ सदस्य घर से बाहर गए हुए थे, जबकि अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे। इसी दौरान काजल घर के स्टोर रूम में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में स्टोर रूम का दरवाजा खोलने पर वह रस्सी के सहारे एग्जॉस्ट फैन से लटकी मिली।

परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल रुद्रपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने स्टोर रूम को सील कर जांच शुरू कर दी है।

काजल का विवाह वर्ष 2020 में हुआ था। उसके परिवार में पति और डेढ़ वर्ष की एक बेटी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


Spread the love
Ad