उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के व्यस्त पलटन बाजार में एक साड़ी और लहंगा शोरूम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, पलटन बाजार स्थित गांधी संस शोरूम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने शोरूम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की पहली गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए तीन और दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। संयुक्त प्रयास से करीब एक घंटे बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग से शोरूम में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ा और अन्य सामान नष्ट हो गया है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।
गौरतलब है कि पलटन बाजार देहरादून का सबसे पुराना और सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र माना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। राहत की बात यह रही कि घटना अपेक्षाकृत कम भीड़ वाले समय में हुई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यदि आग बाजार के व्यस्त समय में लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
