Spread the love

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के भुड्डी गांव में 14 जून की देर रात वकील सोहेल हारून की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने महज 10 घंटों के भीतर बड़ा खुलासा किया। इस सनसनीखेज हत्याकांड में किसी बाहरी व्यक्ति की नहीं, बल्कि मृतक के 21 वर्षीय छोटे भाई शाहिद हारून की ही संलिप्तता सामने आई, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में पता चला कि शाहिद नशे का आदी था और अपने शौक पूरे करने के लिए परिवार से लगातार पैसे मांगता रहता था। कुछ समय पहले उसने अपने पिता के खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए थे, जिसे लेकर घर में तनाव और विवाद बढ़ गया था। बड़े भाई सोहेल उसे गलत आदतों और खर्चों को लेकर अक्सर डांटते और कई बार मारपीट भी हुई थी।

घटना वाली रात दोनों भाई घर में अकेले थे, क्योंकि परिवार के अन्य सदस्य हज पर गए हुए थे। इसी दौरान हुए विवाद के बाद शाहिद ने अपने भाई की हत्या की योजना बनाई और देशी पिस्टल से गोली मारकर उसकी जान ले ली।

हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी गढ़ी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। उसने ग्रामीणों के साथ मिलकर शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन और जाम कराने की कोशिश भी की ताकि जांच की दिशा भटकाई जा सके।

हालांकि पुलिस को शुरुआती जांच में ही कई संदेह हुए। सीसीटीवी फुटेज में किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री नहीं दिखी और घर के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी हटाई गई पाई गई। घर की तलाशी के दौरान बाथरूम से 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने शाहिद से सख्ती से पूछताछ की और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

एसएसपी के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में कानून व्यवस्था बाधित करने और जाम लगाने के प्रयास में भी अलग से कार्रवाई की है।


Spread the love
Ad