रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। रेशमबाड़ी हत्याकांड में फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को बगवाड़ा बाईपास क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है। घायल अवस्था में दोनों को पुलिस ने हिरासत में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के साथ ही हत्याकांड में नामजद सभी छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के रेशमबाड़ी में हत्या की घटना सामने आई थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को आवश्यक निर्देश दिए थे। इसके बाद से ही पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
शनिवार 28 नवंबर को पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि हत्याकांड में नामजद आरोपी प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप बगवाड़ा बाईपास क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने तत्काल दोनों को कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार दिलाया और गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने दो 315 बोर के तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी पुत्र अशोक कुमार और प्रियांशु कश्यप पुत्र सोमपाल कश्यप, दोनों उम्र 22 वर्ष, निवासी दूधियानगर, वार्ड नंबर 13 के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रेशमबाड़ी हत्याकांड में अब तक सभी छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को मामले के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और घटना में उनकी भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके।
