देहरादून/हल्द्वानी: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 जून से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे अल्मोड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे और देहरादून में पार्टी कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। उनके इस दौरे को लेकर कांग्रेस में उत्साह है, जबकि बीजेपी लगातार उन पर निशाना साध रही है।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल ने राहुल गांधी के दौरे का स्वागत तो किया, लेकिन पूर्व सैनिकों के साथ प्रस्तावित संवाद को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पौड़ी गढ़वाल, जो वीर भूमि के रूप में जाना जाता है, वहां राहुल गांधी का पूर्व सैनिकों से संवाद करना कई राजनीतिक सवाल खड़े करता है। कोठियाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले भी सेना से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठा चुके हैं, ऐसे में उनका यह कार्यक्रम चुनावी रणनीति से जुड़ा हो सकता है।
इसी तरह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है और यहां के लोग बड़ी संख्या में सेना और अर्धसैनिक बलों में सेवा देते हैं। सीएम धामी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने पहले भी सर्जिकल और एयर स्ट्राइक जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए हैं और सेना के पराक्रम पर टिप्पणी की है।
वहीं कांग्रेस ने बीजेपी के इन बयानों पर पलटवार किया। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी के दौरे से बीजेपी नेता घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राज्य में संगठन को मजबूत करने, युवाओं और पूर्व सैनिकों से संवाद करने और सरकार की नीतियों की कमियों को उजागर करने आ रहे हैं।
कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने दावा किया कि अल्मोड़ा में होने वाली जनसभा ऐतिहासिक होगी और इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने दौरे में रोजगार, युवाओं के भविष्य, सैनिकों के सम्मान और अग्निवीर योजना जैसे मुद्दों पर बात करेंगे। कांग्रेस इस रैली को शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देख रही है।
4 जून को अल्मोड़ा में होने वाली राहुल गांधी की जनसभा को लेकर पूरे प्रदेश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।
