Spread the love

लक्सर। कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब ईंट भट्टे के पास बने तालाब में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। यह नजारा देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली लक्सर से उपनिरीक्षक हरीश गैरोला, कांस्टेबल अरविंद चौहान और कांस्टेबल गंगा सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, शव करीब चार से पांच दिन पुराना है और मृतक की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शुरूआती जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में उसकी पहचान महतोली गांव निवासी नितिन पुत्र जाती राम के रूप में हुई, जो पिछले चार दिनों से लापता था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए रुड़की की मोर्चरी भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। कोतवाली लक्सर के वरिष्ठ उपनिरीक्षक लोकपाल परमार का कहना है कि यह हत्या है या किसी और कारण से मौत हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


Spread the love
Ad