नैनीताल पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में तैनात मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का कर्तव्य पालन के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। ब्रेन हैमरेज के कारण हुई इस आकस्मिक मृत्यु से उत्तराखंड पुलिस विभाग और विशेष रूप से नैनीताल पुलिस में शोक की लहर दौड़ गई है। अपने एक जांबाज, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ साथी को खोने से पुलिस परिवार गहरे दुख में है।
शनिवार, 31 मई 2026 को हल्द्वानी स्थित मोर्चरी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पहुंचकर दिवंगत मुख्य आरक्षी चालक को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान एसएसपी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आश्रितों को प्राथमिकता के आधार पर सभी विभागीय सहायता और देयकों के शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया। साथ ही अंतिम संस्कार के लिए तात्कालिक आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
दिवंगत टेक चंद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक निवास ग्राम लंकुरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर ले जाया जा रहा है, जहां पुलिस नियमों के अनुसार उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी सहित अनेक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का जन्म 5 जनवरी 1972 को हुआ था और उन्होंने 2 अप्रैल 1991 को पुलिस विभाग में सेवा प्रारंभ की थी। लगभग 35 वर्षों के अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने 09 पीएसी मुरादाबाद, 31 पीएसी रुद्रपुर, अल्मोड़ा तथा नैनीताल में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2008 से वे नैनीताल में कार्यरत थे और अंतिम समय तक पुलिस लाइन नैनीताल की परिवहन शाखा में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि टेक चंद की निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा तथा विभाग उनके परिवार की हर संभव सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।
