Spread the love

हरिद्वार। प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग द्वारा सघन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में निदेशक राजपाल लेघा के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में रिटेल भंडारण स्थलों पर व्यापक छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान भंडारण नियमावली के उल्लंघन के मामले सामने आने पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एक खनन सत्र में दो से अधिक बार अनियमितता पाए जाने वाले कुल पांच रिटेल भंडारण निरस्त कर दिए हैं।

 

निरस्त किए गए भंडारणों में राकेश कुमार पुत्र प्रेम कुमार, निवासी जैतपुर, तहसील लक्सर द्वारा ग्राम रामपुर रायघटी में संचालित रिटेल भंडारण शामिल है। इसके अलावा मैसर्स चौहान ट्रेडिंग कम्पनी, प्रोपराइटर रोहित पुत्र अभय राम द्वारा ग्राम भिक्कमपुर जीतपुर में संचालित भंडारण भी नियमों के उल्लंघन के चलते निरस्त किया गया है।

 

इसी तरह देहरादून निवासी अमरदीप रणावत पुत्र रणवीर सिंह रणावत द्वारा ग्राम भिक्कमपुर जीतपुर में संचालित भंडारण को भी समाप्त कर दिया गया है। वहीं मैसर्स मां दुर्गा इंटरप्राइजेज, प्रोपराइटर कविता पत्नी नंदकिशोर द्वारा ग्राम भिक्कमपुर में संचालित भंडारण तथा राबिया अंसारी पत्नी जुल्फकार अंसारी द्वारा ग्राम भिक्कमपुर, जीतपुर में संचालित भंडारण को भी विभाग ने नियमों के उल्लंघन के चलते निरस्त कर दिया है।

 

विभागीय अधिकारियों के अनुसार इन सभी मामलों में बार-बार नियमों की अनदेखी की गई थी, जिसके चलते सख्त कदम उठाना आवश्यक हो गया। भंडारण नियमावली के स्पष्ट प्रावधानों के तहत एक खनन सत्र में दो बार से अधिक अनियमितता पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाती है, जिसका इस मामले में पालन किया गया।

 

इस संबंध में निदेशक राजपाल लेघा ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की नीति के अनुरूप अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

उन्होंने यह भी कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य न केवल अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है, बल्कि राज्य के राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए विभाग लगातार शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर छापेमारी अभियान चला रहा है।

 

निदेशक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी यदि किसी के द्वारा अवैध खनन, परिवहन या भंडारण किया जाता है या नियमों का उल्लंघन किया जाता है, तो उसके खिलाफ इसी प्रकार कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की यह कार्रवाई अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि नियमों की अनदेखी अब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।


Spread the love
Ad