Spread the love

उत्तराखंड के टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। देवप्रयाग थाना क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई और उसके बाद गंगा नदी में समा गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK 08 TA 5433 दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए सीधे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि सुरक्षा बैरियर भी वाहन को रोक नहीं सका। खाई में गिरने के बाद कार तेज बहाव वाली गंगा नदी में समा गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की श्रीनगर, ब्यासी और ढालवाला इकाइयों से तीन टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमें गंगा नदी में वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक वाहन में सवार लोगों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों से घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य उपलब्ध स्रोतों के आधार पर यात्रियों की पहचान और उनके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।


Spread the love
Ad