रुद्रपुर: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों को जबरन साइबर फ्रॉड कराने के मामले में जसपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुनील ने बेरोजगार युवकों को ठगी करके थाईलैंड भेजा और वहां से उन्हें म्यांमार ले जाकर अवैध तरीके से साइबर फ्रॉड के काम में लगाया।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2025 को वादी मो. आजम ने तहरीर देकर बताया कि सुनील ने उन्हें और उनके दोस्त जुनैद को विदेश में कंप्यूटर जॉब दिलाने का झांसा दिया। इसके एवज में उसने दोनों से 70-70 हजार रुपये लिए और उन्हें बैंकॉक, थाईलैंड भेजा। इसके बाद उन्हें जंगल और नदी के रास्ते म्यांमार ले जाया गया, जहां उनसे जबरन साइबर फ्रॉड से संबंधित कंप्यूटर कार्य कराया गया।
पीड़ित युवकों ने किसी तरह कंपनी से बचकर थाईलैंड की सीमा तक पहुंचकर भारतीय एम्बेसी की मदद से भारत लौटने में सफलता पाई। इसके बाद जसपुर पुलिस ने आरोपी सुनील के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।
साइबर अपराध एसपी कुश मिश्रा ने देहरादून में बताया कि हाल ही में उत्तराखंड के 21 युवा साइबर ठगों के म्यांमार में चल रहे अंतरराष्ट्रीय गैंग से सुरक्षित लौटे हैं। इनमें कई युवाओं को आरोपी सुनील ने विदेश भेजा था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इंटरनेशनल गैंग के तार तलाश रही है।
