Spread the love

हल्द्वानी। SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त दिशा–निर्देशों के बाद सोमवार तड़के पूरे जनपद में पुलिस ने भारी फोर्स के साथ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। जिले के सभी प्रमुख बैरियर, मुख्य मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस हाई-अलर्ट मोड में तैनात रही। बेलबाबा बॉर्डर बैरियर, आम्रपाली बैरियर, हल्दूचौड़, रामनगर रूट, गडप्पू (कालाढूंगी), बारापत्थर, भीमताल, खैरना और सुभाष नगर बैरियर सहित सभी स्थानों पर वाहनों, यात्रियों और सामान की गहन जांच की गई।

अभियान की निगरानी राजपत्रित अधिकारियों ने की, जबकि दरोगा स्तर के अधिकारी अपनी टीमों के साथ फील्ड में लगातार सक्रिय रहे। पुलिसकर्मी बॉडी प्रोटेक्टर और आधुनिक ऑटोमैटिक हथियारों से लैस थे और हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी निगरानी बनाए हुए थे। अवैध गतिविधियों, अतिक्रमण और संदिग्ध आवाजाही पर विशेष फोकस रखा गया।

जनपद के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर सघन चेकिंग के साथ शहर के भीतर पैदल गश्त भी बढ़ा दी गई। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है।

पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी सख्त निगरानी रखते हुए चेतावनी जारी की है कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे चेकिंग अभियान में सहयोग करें और वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।


Spread the love
Ad