Spread the love

उत्तराखंड के चंपावत जिले की नवगठित पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने भाजपा उम्मीदवार नवीन राम को 224 मतों के अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही नारायण लाल पाटी नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष बन गए हैं।

चुनाव परिणामों के अनुसार नारायण लाल को कुल 738 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी नवीन राम 514 मतों पर सिमट गए। वहीं, एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी पार्वती देवी को 301 वोट मिले। कड़े मुकाबले के बीच निर्दलीय उम्मीदवार की जीत ने राजनीतिक समीकरणों को पूरी तरह बदल दिया।

भाजपा ने इस सीट पर जीत के लिए पूरी ताकत झोंकी थी। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी प्रचार अभियान में हिस्सा लिया, लेकिन इसके बावजूद भाजपा प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। यह परिणाम भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

वहीं, नारायण लाल की जीत को लेकर पहले से ही स्थानीय स्तर पर कयास लगाए जा रहे थे, जो परिणामों के साथ सच साबित हुए। उनकी जीत के बाद समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने ढोल-नगाड़ों और रंग-गुलाल के साथ जीत का जश्न मनाया।

नव-निर्वाचित अध्यक्ष नारायण लाल ने अपनी जीत को क्षेत्र की जनता की जीत बताते हुए सभी समर्थकों और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। दूसरी ओर, भाजपा खेमे में इस हार के बाद मायूसी का माहौल देखा गया।


Spread the love
Ad