हल्द्वानी। हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में करियर, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। युवाओं ने भी सरकार की योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए और रोजगार तथा नए अवसरों से जुड़े सवाल पूछे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा और नए अवसर मिल रहे हैं। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध करा रही हैं। आज युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वाला भी बन रहा है।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि उनकी ऊर्जा और सामर्थ्य को प्रदेश के विकास से जोड़ा जाए।
नितिन नवीन ने कहा कि पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन और कौशल विकास के अवसर बढ़ाना जरूरी है। युवाओं के विचार और सुझाव प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक इस्तेमाल और सार्वजनिक जीवन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। साथ ही युवाओं से समय प्रबंधन को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए समय का सदुपयोग करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की नई सोच, ऊर्जा और तकनीकी क्षमता से उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शुरुआत से ही इस संकल्प के साथ काम किया है कि “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया है और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और नकल माफिया पर शिकंजा कसा गया है।
धामी ने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित रखने के बजाय स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर भी दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
खेलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में काम आगे बढ़ाया गया है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का 100 से अधिक पदक जीतना राज्य की बढ़ती खेल प्रतिभा का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, विज्ञान, नवाचार, एआई, रोबोटिक्स और नई तकनीकों के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी दी जा रही है।
