Spread the love

देहरादून: कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल रविवार को दिल्ली दौरे से लौटकर देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरक सिंह रावत और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। आज गणेश गोदियाल पार्टी मुख्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा, दोनों सह प्रभारी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी मौजूद रहेंगे।

गणेश गोदियाल पहले भी उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। उनका राजनीतिक करियर साल 2002 में थैलीसैंण विधानसभा सीट से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने पहली बार चुनाव जीतकर भाजपा के दिग्गज नेता रमेश पोखरियाल निशंक को करारी हार दी।

साल 2007 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। साल 2012 में परिसीमन के बाद उनकी सीट थलीसैंण से श्रीनगर विधानसभा (पौड़ी) में बदल गई, जिसमें उन्होंने भाजपा के धन सिंह रावत को हराया और कांग्रेस में अपनी स्थिति मजबूत की।

गोदियाल कभी सतपाल महाराज के करीबी माने जाते थे, लेकिन सतपाल महाराज के भाजपा में जाने के बाद उन्हें कांग्रेस में अपनी पहचान बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी।

साल 2017 के विधानसभा चुनाव में श्रीनगर से चुनाव लड़ते हुए मोदी लहर के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद जुलाई 2021 में उन्हें फिर से उत्तराखंड कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।

साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भी श्रीनगर से चुनाव लड़ने के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद अध्यक्ष पद से उन्हें हटाया गया। इसके अलावा, साल 2024 में गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन बीजेपी के अनिल बलूनी से हार गए।

गणेश गोदियाल मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के कंडारस्यूं भहेड़ी गांव के रहने वाले हैं और उत्तराखंड कांग्रेस में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।


Spread the love
Ad