Spread the love

नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय पुलिस कार्रवाई देखने को मिली जब देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े नरेश पांडे को पुलिस पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई।

मामला मल्लीताल कोतवाली में दर्ज एक शिकायत से जुड़ा है, जिसमें एक युवती ने नरेश पांडे पर शादी का झांसा देने और धमकी देने जैसे आरोप लगाए थे। इसी तहरीर के आधार पर पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया।

हालांकि बाद में मामले में नया मोड़ आया, जब युवती ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि उन पर कुछ लोगों द्वारा दबाव बनाकर यह शिकायत दर्ज कराई गई थी।

उधर, नरेश पांडे ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है और यह एक साजिश है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 7 बजे टीम उनके घर पहुंची और उन्हें पूछताछ के लिए कोतवाली ले जाया गया। कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


Spread the love
Ad