Spread the love

हल्द्वानी: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 जून को होने वाले इस धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए 14 और 15 जून के लिए विशेष शटल सेवा और यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी।

श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए हल्द्वानी, काठगोदाम, भीमताल, नैनीताल, भवाली और खैरना से कैंची धाम तक बस और टैक्सी सेवाएं संचालित होंगी। आरटीओ प्रवर्तन अरविंद पांडे ने बताया कि इस बार भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण को प्राथमिकता दी गई है।

परिवहन व्यवस्था के तहत लगभग 60 रोडवेज बसें हल्द्वानी, काठगोदाम रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे से कैंची धाम के लिए चलाई जाएंगी। इसके अलावा कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड की करीब 150 बसें अलग-अलग रूटों पर सेवाएं देंगी। वहीं ग्राफिक एरा संस्थान की 30 बसें भीमताल से कैंची धाम मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए लगाई जाएंगी।

इसके साथ ही भवाली से 150 टैक्सी-मैक्सी और भीमताल से 100 टैक्सी-मैक्सी वाहनों को शटल सेवा में शामिल किया गया है, ताकि यात्रियों को अंतिम पड़ाव तक पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।

प्रशासन ने मेले के लिए किराया भी निर्धारित कर दिया है। हल्द्वानी और काठगोदाम से कैंची धाम तक बस का किराया 150 रुपये, भीमताल और नैनीताल से 100 रुपये तथा भवाली और खैरना से 50 रुपये प्रति यात्री तय किया गया है। भवाली से कैंची धाम तक टैक्सी शटल सेवा का किराया भी 50 रुपये प्रति यात्री रहेगा।

परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने वाहनों पर रूट और किराया सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। तय दर से अधिक किराया वसूलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मेले के दौरान भवाली से कैंची धाम तक निजी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालुओं को केवल अधिकृत शटल सेवाओं के माध्यम से ही मंदिर तक पहुंचने की अनुमति दी जाएगी।

प्रशासन ने दावा किया है कि इस बार कैंची धाम मेले में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा।


Spread the love
Ad