Spread the love

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। ये नियुक्तियां शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभागों में विभिन्न पदों पर की गई हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह क्षण उनके वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बीते साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ चुकी है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि स्टार्टअप नीति और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना जैसी पहलें युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

सीएम ने कहा कि एक समय था जब युवाओं को नौकरी पाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब पारदर्शिता और तेजी के साथ भर्तियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने दोहराया कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।

उन्होंने नकल माफियाओं के खिलाफ कड़े कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों में कौशल विकास विभाग के 173 अनुदेशक, 04 वैयक्तिक सहायक तथा पशुपालन विभाग के 09 सहायक शामिल हैं। वहीं शहरी विकास विभाग में भी 35 सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य में बिना सिफारिश और पूरी पारदर्शिता के साथ नियुक्तियां की जा रही हैं, जिससे युवाओं का सरकार पर भरोसा बढ़ा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष समेत कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


Spread the love
Ad