Spread the love

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पर टेंडर कार्य के भुगतान के बदले अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप था।

मामला पशुलोक बैराज ऋषिकेश में हुए एक सरकारी कार्य से जुड़ा है, जहां टेंडर का कार्य करने वाले ठेकेदार से भुगतान जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोप है कि जूनियर इंजीनियर फैसल खान लगातार 50 हजार रुपये की अवैध मांग कर रहा था और बिना रिश्वत के भुगतान प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ा रहा था।

शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद थाना विजिलेंस देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक विजिलेंस के निर्देश पर एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत 21 मई को टीम ने आरोपी फैसल खान, निवासी कटोराताल काशीपुर (ऊधमसिंह नगर), को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस की इस कार्रवाई से विभागीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Spread the love
Ad