Spread the love

देहरादून: हरिद्वार की खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और उनके परिवार पर फिर विवादित घटनाओं का आरोप लगा है। इस बार विवाद उनके बेटे दिव्य प्रताप सिंह को लेकर है। आरोप है कि दिव्य प्रताप और उनके गनर ने देहरादून में उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव के बेटे से मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर थाना राजपुर में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़ित आर यशोवर्धन, जो कि पूर्व मुख्य सचिव एस. रामास्वामी के बेटे हैं और ओल्ड मसूरी रोड के निवासी हैं, ने बताया कि 14 नवंबर को वह दिलाराम चौक से साईं मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पैसिफिक मॉल के पास पीछे से आ रही दो कारें उन्हें ओवरटेक करने लगीं। जगह कम होने के कारण वह कारों को साइड नहीं कर सके। इसके बाद मसूरी डायवर्जन पर एक सफेद लैंड क्रूजर और एक बोलेरो उनके वाहन को टक्कर मार दी।

लैंड क्रूजर से उतरने वाले व्यक्ति और उनके साथ उत्तराखंड पुलिस का गनर उनके वाहन के पास आए। आरोप है कि गाड़ी में और लोग भी मौजूद थे। कुछ युवकों ने यशोवर्धन और उनके चालक को गाड़ी से बाहर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। गनर ने उन्हें सड़क पर गिराया और लात-घूंसे मारे। साथ ही, एक व्यक्ति ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान गनर ने पीड़ित की शर्ट पर लगे राष्ट्रीय ध्वज पर भी लात मारी और फिर आरोपी मौके से फरार हो गए।

देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार सवार व्यक्तियों की पहचान पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप सिंह और उनके नगर कॉन्स्टेबल राजेश सिंह के रूप में हुई है। पुलिसकर्मी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए हरिद्वार एसएसपी से पत्राचार किया गया। इसके बाद हरिद्वार एसएसपी ने आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच जारी है।


Spread the love
Ad